टनकपुर (चंपावत)। ऑल वेदर रोड निर्माण के तहत पहाड़ी का कटाव रोकने को बनाई जा रही सुरक्षा दीवार की ऊंचाई को लेकर बस्तिया के ग्रामीण असंतुष्ट हैं। उन्होंने दीवार की ऊंचाई को सुरक्षा के लिहाज से नाकाफी बताते हुए ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के समय पूर्व में किए गए विरोध पर प्रशासन व कार्य दायी विभाग एनएचएआई के अधिकारियों ने पर्याप्त ऊंचाई की सुरक्षा दीवार बनाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब महज ढ़ाई मीटर ऊंची दीवार बनाई जा रही है जो पहाड़ी का कटाव रोकने के लिहाज से काफी कम है। जबकि पूर्व में ग्रीफ द्वारा जगह-जगह साढ़े तीन मीटर ऊंची दीवार बनाई गई है।
उन्होंने कहा है कि दीवार की ऊंचाई कम होने से कृषि भूमि व फलदार वृक्षों के कटाव की भेंट चढ़ने की संभावना है। उन्होंने एसडीएम से दीवार की ऊंचाई बढ़वाने का आग्रह किया है। ज्ञापन देने वालों में हरीश लापड, पवन सिंह, हरीश कुमार, जयमल सिंह, पूरन सिंह, नारायण दत्त जोशी, गंगा दत्त जोशी, अंबा दत्त जोशी, हरी दत्त जोशी आदि शामिल थे।