लोहाघाट (चंपावत)। शहर के समीप देवीधार की पहाड़ी में स्थित मां महाकाली में भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। रायनगर चौड़ी, कलीगांव, डैंसली और गोरखानगर के ग्रामीणों की रविवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
मां भगवती मंदिर परिसर में देवीधार मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता की अध्यक्षता और सचिव प्रकाश राय के संचालन में हुई बैठक में मंदिर के नव निर्माण पर मंत्रणा हुई। ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने बताया कि समिति के प्रयास और क्षेत्रीय लोगों व जन प्रतिनिधियों के सहयोग से इससे पूर्व हनुमान मंदिर का भव्य निर्माण कराया जा चुका है।
इसी तर्ज पर मां महाकाली मंदिर का भी निर्माण कराया जाएगा। इसमें डैंसली, कलीगांव, रायनगर चौड़ी, गोरखानगर के अलावा नगर क्षेत्र के लोगों से भी सहयोग लिया जाएगा। मोहन सिंह पुजारी ने अपनी ओर से महाकाली की मूर्ति लगाने और भंडारे का खर्चा वहन करने की घोषणा की।
बैठक में मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक प्रहलाद सिंह मेहता, नाथू राम राय, नारायण सिंह देउपा, शेखर गोरखा, कैलाश राम, मदन राम, भैरव दत्त राय, धर्मानंद राय, संजय गोरखा, दान सिंह मेहता, मोहन सिंह पुजारी, शिवराज सिंह आदि मौजूद थे।