लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत लोहाघाट में स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो गया है। सर्वेक्षण के चौथे दिन रविवार को केंद्र से आई टीम ने वार्डों में लोगों से विभिन्न जानकारियां जुटाई।
टीम के सदस्य सौरभ सक्सेना व विनोद कुमार राणा ने शहर के विभिन्न वार्डों की सफाई का सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत की ओर से वार्ड में किए जा रहे स्वच्छता कार्य और लोगों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। बाद में नगर पंचायत कार्यालय में जाकर स्वच्छता कार्यक्रम के तहत लोगों को दी जाने वाली सुविधाएं और लोगों द्वारा दी गई जानकारियों का मिलान किया।
बताया गया कि तीन चरणों में हुए इस सर्वे के आधार पर नगर पंचायत को रैंकिंग दी जाएगी। इधर नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के बाद शहर में जल्द ही द्वितीय चरण में स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य होगा। बताया गया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए जल्द ही कूड़ेदानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।