टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर रोड निर्माण में कार्यदायी एजेंसी द्वारा सूखीढांग में लगाए अवैध मोबाइल स्टोन क्रशर और वहां डंप खनिज सामग्री को सीज करने के बाद कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को दे दी गई है, लेकिन जिलाधिकारी डा. अहमद इकबाल के अवकाश पर होने से मामले में अग्रिम कार्रवाई उनके लौटने के बाद ही होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत बन रही टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर रोड के निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व, भूतत्व इकाई एवं एनएच की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर टीम ने मंगलवार को कार्यदायी एजेंसी द्वारा सूखीढांग में सड़क किनारे लगाए गए मोबाइल स्टोन क्रशर पर छापा मारा। छापे में पाया गया है कि कार्यदायी एजेंसी द्वारा स्टोन क्रशर अवैध तरीके से लगाया गया है। जांच में क्रशर के पास डंप 1985 घनमीटर कच्चा और ग्रिट उप खनिज भी अवैध मिला। छापामार टीम ने क्रशर और खनिज सामग्री को सीज कर रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में सौंप दी है। अपर जिलाधिकारी हेमंत वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर आरोपियों का भी पक्ष जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अवकाश पर हैं और उनके अवकाश से लौटने के बाद ही मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।