बनबसा (चंपावत)।
नेपाल में दूसरे चरण के स्थानीय निकाय चुनावों के तहत भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट किया गया है। सीमा पर अनजान और संदिग्धों पर एसएसबी जवानों की पैनी नजर है। सीमा पर होने वाली तस्करी और मानव तस्करी पर नियंत्रण रखने के भी एसएसबी को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
एसएसबी 57वीं वाहिनी की बनबसा स्थित एफ कंपनी और धनुषपुल स्थित डी कंपनी को इन दिनों भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट किया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 6 से पिलर संख्या 11 तक इन दिनों एसएसबी जवान सघन पेट्रोलिंग कर रहे हैं। एसएसबी 57वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट संजीव तिवारी के निर्देश पर नेपाल में होने वाले दूसरे चरण के निकाय चुनावों के तहत सीमा पर सघन चेकिंग की जा रही है। बनबसा स्थित 57वीं वाहिनी एफ कंपनी के कमांडर एसआई चंदन यादव ने बताया कि नेपाल में होने वाले चुनाव के तहत एसएसबी जवान भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैद हैं। बताया कि नेपाल के जिमुवा गांव की सीमा से बंगाली बस्ती तक चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग की जा रही है। धनुषपुल स्थित डी कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट कलजी सोढ़ा ने बताया कि एसएसबी जवान बंगाली बस्ती से खटीमा सीमा तक भारत-नेपाल सीमा पर सघन पेट्रोलिंग कर रहे हैं।