रक्तदान से संबंधित भ्रांतियों को दूर करना जरूरी:डा.शर्मा
चंपावत। विश्व रक्तदाता दिवस के दिन 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन और पिथौरागढ़ ब्लड बैंक की ओर से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। ब्लड स्टोरेज यूनिट की मदर यूनिट पिथौरागढ़ ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ.नरेंद्र शर्मा का कहना है कि चंपावत में होने वाले रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक लोगों को खून देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डॉ.शर्मा का कहना है कि रक्तदान को प्रेरित करने के लिए इस संबंध में भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है।
18 से 60 वर्ष आयु के बीच 45 किलो से अधिक वजन का 12.5 ग्राम हीमोग्लोबिन वाला कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान तीन माह में एक बार किया जा सकता है। बताया कि एक यूनिट रक्तदान में बमुश्किल 5 से 10 मिनट लगते हैं। रक्तदान के थोड़ी देर बाद खून देने वाला व्यक्ति सामान्य क्रियाकलाप जारी रख सकता है। डॉ.शर्मा ने बताया कि स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले को रक्तदान करने की तिथि से छह माह तक जरूरत पड़ने पर खुद या परिवार के किसी भी व्यक्ति के लिए राज्य के किसी भी ब्लड बैंक से एक यूनिट नि:शुल्क रक्त दिया जाता है।
इस माह होगा ब्लड स्टोरेज यूनिट का उद्घाटन
चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट ने काम करना तो 29 मई से शुरू कर लिया है, लेकिन अभी इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने बताया कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद ब्लड स्टोरेज यूनिट का उद्घाटन विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी करेंगे। उद्घाटन वाले दिन रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। डॉ.जोशी ने कहा कि उद्घाटन की तिथि जल्द तय की जाएगी। रक्तदान शिविर के लिए लोगों को प्रेरित भी किया जाएगा।