चंपावत जिला अस्पताल में आइसोलेट किए लोगों को डिस्चार्ज करने की तैयारी करते डॉक्टर व पैरा मेडिकल ?
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। चंपावत जिले के 17 और कोरोना पॉजिटिव स्वस्थ हो गए हैं। इन सभी 17 लोगों को सोमवार को डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय, एसपी लोकेश्वर सिंह,एडीएम टीएस मर्तोलिया की मौजूदगी में जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इनमें से ज्यादातर लोग मुंबई और महाराष्ट्र के हैं। इसी के साथ जिले के कुल 48 कोरोना पॉजिटिव में से अब तक 27 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
मुंबई से 24 मई को आए इन 17 लोगों को कई अन्य लोगों के साथ जवाहर नवोदय स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। 28 मई को इन लोगों के सैंपल लिए गए थे और 31 मई को इनके पॉजिटिव आने की पुष्टि हुई थी। एक जून को पॉजिटिव आए इन लोगों को जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया था। और सोमवार को उन्हें ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि अब जिला अस्पताल में 12 लोग आइसोलेट किए गए हैं। इसके अलावा सात लोग टनकपुर और एक व्यक्ति हल्द्वानी में आइसोलेट हैं।
डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए सभी 17 लोग सात दिन के लिए गांव के स्कूल और उसके बाद सात दिन के लिए होम क्वारंटीन किए गए हैं। बता दें इससे पूर्व टनकपुर के 4 बनबसा के 3 कोरोना पॉजिटिव लोगों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल सेे और चंपावत के 3 कोरोना पॉजिटिव को जिला अस्पताल से पहली जून को छुट्टी दी जा चुकी है।