बनबसा (चंपावत)। बनबसा ग्रामसभा के चूनाभट्टा गांव में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू हो गई है। पहले दिन महिलाओं ने पवित्र शारदा नदी से जल लेकर चंदफार्म और चूनाभट्टा होते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली। नवरात्र के अवसर पर चूनाभट्टा निवासी पं. दीपक भट्ट ने अपने आवास पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया है।
आचार्य रघुनाथ जोशी के पौरोहित्य में कलशयात्रा और जलाभिषेक के बाद पहले दिन कथा वाचन शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि संसार से मन उचाट होने पर मानव भक्ति भाव की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने गोकर्ण-आत्मदेव की कथा का वाचन कर आत्मा को परमात्मा का अंश बताया। पं. धर्मानंद कलौनी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा श्रवण मात्र से सद्गति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य कमाया।