टनकपुर (चंपावत)। भारत-नेपाल को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए टनकपुर बैराज से नेपाल तक निर्मित हो रहे सीसी मार्ग के अंतिम चरण का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। रोड का बेसमेंट का काम पूरा करने के बाद ठेकेदार कंपनी ने सीसी बेसमेंट की पहली लेयर बिछा दी है। एक सप्ताह के अंदर फाइनल सीसी लेयर बिछाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
सीमा पर नेपाल के सीमांत ब्रह्मदेव कस्बे को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए भारत सरकार की ओर से बैराज से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। पूर्व में सड़क की लंबाई 1.3 किलोमीटर तय थी, लेकिन ब्रह्मदेव के समीप नेपाल की ओर से भूमि विवाद उठने के बाद सड़क की दोबारा एलाइनमेंट तय कर रोड की लंबाई 1.3 किलोमीटर से घटाकर 1.1 किलोमीटर कर दी गई।
कार्यदायी विभाग पीआईयू (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) की देखरेख में रोड का निर्माण तेजी से चल रहा है। कार्यदायी विभाग के मुताबिक जल्द ही सीसी का टॉप लेयर डालने का काम शुरू कर सड़क का निर्माण पूरा करा दिया जाएगा।
बता दें कि इस सीसी रोड के बनने पर टनकपुर सीमा से दोनों देशों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।