चंपावत। जिले में फायर प्लान को लेकर वन विभाग को 1.22 करोड़ के सापेक्ष 24.30 लाख रुपये की धनराशि ही मिल चुकी है। विभाग अब 15 फरवरी से शुरू होने वाले फायर सीजन में इस धनराशि का इस्तेमाल करेगा।
वन विभाग की ओर से धनराशि को जल कुंड, फायर वॉचर, फायर लाइन सफाई में प्रयोग किया जाता है। वर्तमान में वन विभाग के पास कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है। इसके वावजूद भी विभाग की ओर से वनों की सुरक्षा, अवैध कटान, अग्नि से सुरक्षा से निपटने का कार्य किया जा रहा है। वन विभाग ने फायर सीजन में वनों की सुरक्षा के लिए 55 क्रू स्टेशन, सात वॉच टॉवर बनाए गए हैं। विभाग के पास 62098.38 हेक्टेयर आरक्षित वन, 22815.79 हेक्टेयर सिविल वन और 36780.50 हेक्टेयर पंचायती वन है। डीएफओ केएस बिष्ट ने बताया कि फायर सीजन को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। फायर सीजन के लिए 1.22 करोड़ की मांग की गई है। इसके तहत अब तक 24.30 लाख की धनराशि मिल चुकी है। बरसात के दौरान 400 हेक्टेयर में पौधरोपण का कार्य किया जाएगा।