चंपावत। नगर निकाय चुनाव के मतदान के दिन 18 नवंबर को भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन बंद रहेगा।
मतदान के एक दिन पूर्व 17 नवंबर की शाम सीमा को सील कर दिया जाएगा। 18 नवंबर सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक भारत नेपाल सीमा में आवागमन बंद रहेगा।
पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुुंज्याल ने बताया कि निकाय चुनाव मतदान दिवस में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के अंदर किसी भी मतदाता द्वारा कोई भी आग्नेयास्त्र, बंदूक, पिस्टल, मोबाइल, ज्वलनशील पदार्थ, माचिस, लाइटर तथा किसी भी प्रकार का कोई पेय पदार्थ ले जाना पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। इसके अलावा मतदान के दिन मतदान केंद्र तक किसी भी प्रकार के दोपहिया, चौपहिया वाहन को चलाने की अनुमति नहीं होगी।
यदि कोई प्रत्याशी या अन्य व्यक्ति वाहन से मतदाताओं को लाने-ले जाने का कार्य करता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।