चंपावत। रोशनी के पर्व दीपावली पर भी शहर में गंदगी पसरी रही। चंपावत की लीसा फैक्ट्री से करक्यूड़ा मोहल्ले में तीन दिन से कूड़ा नहीं उठा है। नागरिकों ने नगर पालिका की हीलाहवाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए जल्द कूड़ा उठाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता गणेश सामंत सहित इलाके के नागरिकों का कहना है कि यहां के कूड़ेदान लबालब कूड़े से भरे हैं। कूड़ा नहीं उठाए जाने से अब लोग इन कूड़ेदानों के पास सड़क के किनारे ही कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। नागरिकों का कहना है कि कूड़े से उठ रही दुर्गंध से लोगों की आवाजाही भी मुश्किल हो रही है। इधर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार का कहना है कि उन्हें कूड़ा नहीं उठने की जानकारी नहीं है। पर्यावरण मित्रों से तुरंत कूड़ा उठाने के आदेश दिए गए हैं।