बनबसा (चंपावत)। जलभराव से पचपकरिया गांव स्थित रेलवे की पुलिया के फर्श पर जगह-जगह गड्ढे पड़ने के साथ ही स्लैब में दरार आ गई है। रेलवे प्रशासन ने शीघ्र ही इसकी मरम्मत नहीं की तो बड़ा हादसा हो सकता है। उधर, पुलिया में जलभराव से गढ़ीगोठ मार्ग से आवागमन करने वालों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जगबूड़ा पुल के पास से गढ़ीगोठ को जाने वाले मार्ग पर पचपकरिया स्थित रेलवे की पुलिया के नीचे बारिश का पानी जमा होने से ग्रामीणों का पैदल चलना दूभर हो रहा है। इधर, बीते दिवस हुई बारिश के बाद रेलवे पुलिया के फर्श पर गड्ढे पड़ने के अलावा पुल के स्लैब में दरार आ गई है।
बता दें कि रेलवे द्वारा ब्राडगेज निर्माण के बाद पचपकरिया के पास रेलवे ट्रैक के नीचे आवागमन के लिए पुलिया का निर्माण कराया गया है। इससे पहले वहां मानव रहित क्रासिंग था। पूर्व जिपं उपाध्यक्ष बहादुर सिंह पाटनी ने इस संबंध में रेलवे के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेज शीघ्र ही रेलवे पुलिया की तकनीकी खामी को ठीक करने की मांग की है।
जगबूड़ा पुल से गढ़ीगोठ जाने के लिए पचपकरिया, देशीफार्म, देवीपुरा, गुदमी, लाटाखल्ला, गढ़ीगोठ नया बस्ती, चंदफार्म, मझगांव के ग्रामीणों के अलावा एसएसबी धनुषपुल बीओपी के जवान भी उक्त पुलिया के रास्ते ही आवाजाही करते हैं। प्रधान अरुण कुमार, प्रधान माला देवी, गिरधारी लाल, बीडीसी सदस्य पुष्कर कापड़ी, गजेंद्र चंद, महेश जोशी आदि ने रेलवे प्रशासन से पुलिया की मरम्मत करने और जलभराव से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की है। उधर, रेलवे स्टेशन मास्टर अमरेंद्र सिंह और डीएस दरियाल ने उच्चाधिकारियों को इस बाबत अवगत करा दिया है।