बनबसा (चंपावत)। एसएसबी ने गढ़ीगोठ क्षेत्र में शिविर लगाकर ग्रामीणों और उनके मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें निशुल्क दवाएं भी दी गई। इस मौके पर स्कूली बच्चों की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। एसएसबी ने बच्चों को क्रीड़ा सामग्री भी दी।
बुधवार को एसएसबी 57वीं वाहिनी की धनुषपुल स्थित ए कंपनी की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार त्रिपाठी ने किया। गढ़ीगोठ के गुदमी ग्रामसभा स्थित डेविड पेंटर उमावि प्रांगण में एसएसबी की महिला कमांडेंट चिकित्सा डा. राजेश्वरी कारडे ने 150 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां दी। एसआई विटनेरी सुनील कुमार ने 30 पशुओं का इलाज किया।
इस दौरान कक्षा 9वीं और दसवीं के छात्रों के बीच वॉलीबाल मैच कराया गया, इसमें दसवीं के बच्चों ने जीत हासिल की। ग्रामप्रधान अरुण कुमार की अध्यक्षता और एसएसबी के सुरेश चंद के संचालन में हुए कार्यक्रम में उप कमांडेंट अतुल बंडेबुचे, ए कंपनी प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार, एएसआई हीरा सिंह, बस्तीदान आदि ने सहयोग किया। इस दौरान डेविड पेंटर स्कूल के प्रधानाध्यापक हयात राम टम्टा, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू विश्वकर्मा आदि मौजूद थे।