टनकपुर (चंपावत)। प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र में हटाए गए प्रशिक्षकों को लेकर पैदा हुए विवाद को पुलिस ने प्रशिक्षकों व केंद्र संचालक के बीच वार्ता कराकर समाप्त करा दिया है। वार्ता में तय हुआ है कि किसी भी प्रशिक्षक को हटाने से पूर्व उसे नोटिस दिया जाएगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत यहां बेरोजगार युवक-युवतियों को सिलाई, सिलाई नीट्स, कढ़ाई, टीवी, एलईडी व मोबाइल फोन रिपेयरिंग सीसी टीवी ट्रांसलेशन आदि ट्रेडों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए संस्था ने प्रशिक्षकों को नियुक्त किया है। इस बीच केंद्र के कोआर्डिनेटर दिनेश प्रजापति द्वारा चार प्रशिक्षकों को सेवा ने निकाल दिए जाने से शनिवार को केेंद्र संचालक व हटाए गए प्रशिक्षकों के बीच खासा हंगामा हुआ था।
रविवार को सीओ आरएस रौतेला व कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने केंद्र संचालक व हटाए गए प्रशिक्षकों से वार्ता कर विवाद समाप्त कराया। सीओ ने बताया कि केंद्र प्रबंधन को किसी भी कर्मचारी को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार करने की हिदायत दी गई है। हटाने से पूर्व प्रशिक्षक या किसी भी कर्मचारी को नोटिस दिया जाएगा।