लोहाघाट (चंपावत)। गैस गोदाम के पास 17 नवंबर को मिले गोवंशज का कटा सिर मिलने के मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट से नाराज विभिन्न संगठनों के लोगों ने शनिवार को वीर कालू सिंह चौराहे में सभा आयोजित की। इस मौके पर पुलिस प्रशासन पर जांच रिपोर्ट में अपनी नाकामी को छिपाने, गोवंशज के हत्यारों को बचाने का आरोप लगाया गया। सभा में लोगों से दलगत राजनीति से उठकर आंदोलन में साथ देने का आह्वान किया गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मोहित पाठक के संचालन में हुई सभा में मुख्य वक्ता बजरंग दल के क्षेत्रीय संयोजक रंदीप सिंह पोखरिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन गोवंशज के हत्यारों को बचाने का प्रयास कर रहा है। वह अपनी नाकामी को छिपाने के लिए कुत्ते को इसका जिम्मेदार बता रहा है। इस मौके पर व्यापारियों, छात्रों, युवाओं, बजुर्गों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। कहा कि शहर में इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद जिलाधिकारी एक दिन भी यहां नहीं आए। हिंदू जागरण मंच के पूर्व प्रदेश प्रभारी चंद्रकिशोर बोहरा ने कहा कि मामले का शीघ्र खुलासा नहीं होने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रहलाद सिंह मेहता, राकेश बोहरा सहित कई लोगों ने कहा कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश की गई है। इस मौके पर भाजयुमो जिला महामंत्री श्याम सिंह ढेक, धर्म जागरण के जिला संयोजक अमित जुकरिया, एबीवीपी के जिला संयोजक विनोद बगौली, छात्रसंघ महासचिव पंकज पुजारी, राकेश बोहरा, दीपक देव, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजू गड़कोटी, गोविंद वर्मा, चंद्र किशोर बोहरा, दीपक देव, एनएसयूआई के सुमित गड़कोटी, इंदर ढेक, आर्यन संगठन के जिलाध्यक्ष आनंद अधिकारी, उमेश पुनेठा, चंद्रशेखर जोशी आदि मौजूद थे।
सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को बंद कराया
लोहाघाट। गैस गोदाम के समीप गोवंशज का कटा सिर मिलने के मामले में पुलिस द्वारा किए खुलासे से नाराज लोगों ने क्षेत्र के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को बंद कराया। शनिवार को भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मोहित पाठक, महामंत्री श्याम ढेक, एबीवीपी के विभाग संयोजक देवेंद्र बोहरा के नेतृत्व में भाजयुमो और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के कई संगठनों के लोगों ने नगर क्षेत्र के सरकारी और निजी स्कूल बंद करा दिए। इस दौरान विवेकानंद विद्या मंदिर के अलावा कई स्कूलों के छात्र भी नारेबाजी करते हुए स्टेशन बाजार तक आए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। उन्होंने राज्य सरकार की एजेंसी से उक्त मामले की दोबारा उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। गोवंशज की हत्या के आरोपियों को न पकड़ने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया।
पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक
लोहाघाट। आक्रोशित युवाओं द्वारा शनिवार को विद्यालय बंद कराने के दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। दोनों पक्षों के बीच करीब 10 मिनट तक काफी गहमागहमी रही। आक्रोशित युवाओं का कहना था कि पुलिस उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। विवेकानंद विद्या मंदिर में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे। जिनकी स्कूल बंद कराने पहुंचे युवाओं के साथ झड़प हुई। मामला इतना गर्म हो गया था कि दोनों पक्षों में हाथापाई तक की नौबत आ पहुंची थी। बाद में जैसे तैसे मामला शांत हुआ।
चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है पुलिस बल
लोहाघाट। गोवंशज का कटा सिर मिलने के बाद से शहर में स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएससी को तैनात किया गया है। पुलिस कर्मियों द्वारा चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। अलबत्ता 17 नवंबर से बंद पड़ी मीट की दुकानें शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा में खोल दी गई हैं।