लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से स्वयंसेवियों और छात्र-छात्राओं को यातायात संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सुरक्षित सफर के नशे से दूर रहने और हेलमेट पहनने की अपील की गई।
प्राचार्य प्रो.केकेएस नेगी की अध्यक्षता और कार्यक्रम अधिकारी डॉ.महेश त्रिपाठी और डॉ.शिवानी कर्नाटक की देखरेख में हुए कार्यक्रम में यातायात उप निरीक्षक ज्योति प्रकाश ने यातायात के नियमों की जानकारी दी। कहा कि सफर के दौरान दोपहिया वाहनों में हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बैल्ट का सुरक्षा के लिए प्रयोग करना जरूरी है। हेलमेट लगाकर खुद की सुरक्षा होने से यातायात संबंधी नियमों का भी पालन होता है। अभय चतुर्वेदी के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो.नेगी ने वाहन चलाते समय चालक की ओर से की जाने वाली छोटी-छोटी गलतियों से बचने की नसीहत दी। नशे से दूर रहने के अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने की भी अपील की गई।