बनबसा (चंपावत)। नगर पंचायत स्वच्छता समिति के स्वच्छकों (पर्यावरण मित्रों) ने रविवार को बैठक कर अपनी मांगे जल्द पूरा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने आउट सोर्सिंग पर कार्य न करने के साथ ही स्थायी नियुक्तियों की मांग उठाई। पिछले छह दिनो से पर्यावरण मित्र कार्य बहिष्कार पर हैं।
रविवार को उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ अध्यक्ष संजीव कुमार कश्यप की अध्यक्षता और महासचिव सन्नी वाल्मीकि के संचालन में हुई बैठक में नगर पंचायत स्वच्छता समितियों के सफाई कर्मियों ने शीघ्र अपनी मांगे न माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक में पर्यावरण मित्रों ने आउट सोर्सिंग (ठेका प्रथा) पर कार्य नही करने का मन बनाया। कहा कि वे स्वच्छता समितियों के माध्यम से ही कार्य करेंगे।
उन्होंने नगर पंचायत में स्थायी नियुक्तियों की मांग रखी। बता दें कि बीते दिवस शनिवार को उन्होंने अपनी मांगों के तहत नगर में प्रदर्शन भी किया था। बैठक में संरक्षक सचिन वाल्मीकि, धरमवीर वाल्मीकि, दुर्गेश वाल्मीकि, अर्जुन वाल्मीकि, महेश वाल्मीकि, वीरपाल वाल्मीकि, राजेंद्र वाल्मीकि, विनोद वाल्मीकि आदि थे।