लोहाघाट (चंपावत)। बजरंगबली वार्ड में खुली अंग्रेजी शराब की दुकान हटाने को लेकर धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। नागरिकों ने शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय गेट पर जोरदार नारेबाजी की। मुहल्ले से शराब की दुकान नहीं हटने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया गया।
शनिवार को बजरंगबली वार्ड में खुली शराब की दुकान को हटाने को लेकर मुहल्ले के लोग बड़ी संख्या में तहसील परिसर में पहुंच गए। लोगों का कहना था कि जिस जगह पर शराब की दुकान खोली गई है, वहां से होकर शिवालय मंदिर, मीना बाजार और डिग्री कालेज को जाना होता है। ऐसे में इस शराब की दुकान से मुहल्ले में अशांति का माहौल पैदा हो गया है। लोगों का कहना था कि डीएम ने उनके मुहल्ले से अन्य स्थान पर जल्द शराब की दुकान स्थानांतरित करने की पहल करने का भरोसा दिया था, लेकिन आबकारी विभाग उनके मुहल्ले से शराब की दुकान हटाने में कोई भी दिलचस्पी नहीं ले रहा है। कहा कि जब तक मुहल्ले से शराब की दुकान नहीं हटती है, उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना देने वालों में सभासद परवीन, त्रिभुवन बोहरा, कैलाश राय, राजा खोलिया, नंदा देवी, किरन साह, गीता, बसंती, पुष्पा राय, बबीता, विनीता, हेम, त्रिभुवन बोहरा, सुरेश, राज किशोर, ललित राय, नवीन आदि शामिल थे।