बनबसा (चंपावत)। आंबेडकर ग्राम फागपुर को एनएचएआई से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़ने से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त मार्ग पर कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने जल्द मार्ग के जीर्णोद्धार न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
आंबेडकर ग्राम फागपुर का संपर्क मार्ग रख-रखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त हो चुका है। करीब दो किमी. लंबे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं जिनमें बरसात में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्ष 2000 में आंबेडकर ग्राम घोषित होने के बाद बनबसा-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 125 (अब एनएचएआई के अंतर्गत राजमार्ग 125/9 ) से फागपुर संपर्क मार्ग का जीर्णोद्धार कार्यदायी संस्था लोनिवि ने कराया था।
ग्रामप्रधान गीता देवी ने बताया कि सड़क मरम्मत को प्रशासन के अलावा लोनिवि को प्रस्ताव भेजा गया है। बता दें कि फागपुर में लगभग 70 फीसदी पूर्व सैनिकों और सैनिकों के परिजन निवास करते हैं। क्षतिग्रस्त मार्ग से ग्रामीणों को आवाजाही के अलावा कृषि उत्पाद मंडी तक लाने-ले जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जल्द मार्ग के जीर्णोद्धार न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। लोनिवि के सहायक अभियंता विभोर गुप्ता ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण कराया जाना है जिसके लिए राजस्व विभाग को सर्वे करा सड़क के अतिक्रमण को हटाने के संबंध में लिखा गया है। इसके बाद ही सड़क निर्माण की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बरसात बाद सड़क पर के गड्ढों को भरने को पैच वर्क कराया जाएगा।