चंपावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 13 जुलाई को जिला न्यायालय, टनकपुर न्यायालय सहित सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मोहम्मद याकूब ने बताया कि जिला जज आशीष नैथानी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में चंपावत जिले के न्यायालयों से संबंधित लंबित लघु आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, भरण पोषण वाद, बैंक वसूली वाद, हिंदू विवाह अधिनियम के मामले, दीवानी वाद आदि के मामले आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किए जाएंगे। उन्होंने सभी वादकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।