चंपावत। जिले के बडोली क्षेत्र में निर्माणाधीन धौन-बडोली मोटर मार्ग का निर्माण फिर शुरू किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में बुधवार को ग्रामीणों ने एडीएम टीएस मर्तोलिया को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण का कार्य फिर से शुरू किए जाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि धौन-बडोली सड़क में आधा किमी तक कटिंग कार्य करने के बाद आगे का कटिंग कार्य बंद कर दिया गया है। जबकि मार्ग में पड़ने वाले सभी पेड़ों का छपान हो चुका है। रोड न होने से बीमार लोगों को अस्पताल लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष पनप रहा है। कहा कि यदि एक-दो ग्रामीणों के विरोध में कार्य बंद हुआ है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कार्यदायी संस्था से पुलिस प्रशासन के जरिए कार्य शुरू किए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में जय दत्त, रमेश चंद्र, देवी दत्त, प्रकाश चंद्र, हीरोमनी, लक्ष्मी दत्त, हीराबल्लभ, हेम चंद्र, प्रकाश चंद्र, ईश्वरी दत्त, भीम दत्त, लोकमणी आदि ग्रामीण शामिल रहे।