चंपावत। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चल्थियां में तीन वर्ष पूर्व बने विद्यालय भवन में प्लास्टर नहीं होने से छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तीन साल पूर्व तत्कालीन स्कूल प्रबंध समिति के नेतृत्व में स्कूल के जर्जर भवन के स्थान पर नया भवन बनाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से साढ़े पांच लाख रुपये की धनराशि मुहैया कराई थी। लेकिन कम धनराशि होने के चलते विद्यालय भवन में प्लास्टर का कार्य अधूरा रह गया है। प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र जोशी के अनुसार इस संबंध में विभाग को समय समय पर अवगत कराया जा रहा है। चल्थियां के ग्रामीण प्रकाश सिंह, यशवंत सिंह, पुष्कर सिंह, कुसमा देवी, देवकी देवी, पार्वती देवी आदि ने भवन के प्लास्टर के लिए इस वित्तीय वर्ष में धनराशि दिए जाने की मांग उठाई है। ब्यूरो