चंपावत। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। रविवार को हुई मासिक अपराध नियंत्रण समीक्षा बैठक में उन्होंने यातायात नियमों को सख्ती से लागू कर सड़क हादसों को काबू करने की हिदायत देने और जागरूकता अभियान चलाने को कहा। साथ ही नाबालिग बाइक चालकों की बाइक सीज करने और उनके अभिभावकों पर कार्यवाही करने को कहा गया।
एसपी गुंज्याल ने लंबित विवेचनाओं के तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए। हादसों पर लगाम लगाने के लिए सड़क पर बने गड्ढों को अपने स्तर से भरवाने की पहल करने को कहा। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान चलाने की थानाध्यक्षों को हिदायत दी गई।
बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी विपिन चंद्र पंत, ध्यान सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बीएस राणा, एलआईयू निरीक्षक होशियार चंद, शासकीय अधिवक्ता विद्याधर जोशी, पेशकार अनुराग सिंह, चंपावत के प्रभारी कोतवाल सोनू बिष्ट, टनकपुर के थानाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह, बनबसा के जसवीर चौहान, पंचेश्वर के कोतवाली सलाउद्दीन खान, तामली के थानेदार वीएस रमौला, लोहाघाट के मनीष खत्री, पाटी के दिवान सिंह, रीठा साहिब के कुंदन सिंह और चल्थी पुलिस चौकी के प्रभारी हरीश प्रसाद आदि शामिल थे।
सम्मानित किए गए 9 पुलिस कर्मी-अधिकारी
चंपावत। पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने पुलिस अधिकारियों-कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने भांग की खेती नष्ट करने और अन्य कार्यों के लिए कर्मियों को सम्मानित किया। लोहाघाट के थानाध्यक्ष मनीष खत्री, बनबसा के एसओ जसवीर सिंह, चंपावत के मुख्य आरक्षी महंगा राम, मदन सिंह परिहार, विक्रम सिंह, ज्योति टम्टा, मनोरमा, राजेंद्र गिरि और जीवन सिंह सौन को एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स की ओर से सम्मानित किया गया।
इन पुलिस कर्मियों ने एक साल के भीतर 18 मामलों में 14 किलो 942 ग्राम अवैध चरस बरामद करने और मादक पदार्थों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन्हें 2500 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया गया।