बनबसा (चंपावत)। नगर पंचायत वार्ड संख्या पांच और सात में संपर्क मार्गों के मध्य आवागमन में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को सड़क किनारे शिफ्ट कराने के लिए नागरिकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से गुहार लगाई है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल ने यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भेज समस्या का समाधान करने की मांग की है।
बनबसा नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के निवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से संपर्क मार्गों के मध्य खडे़ बिजली खंभों को सड़क किनारे शिफ्ट करने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष ने यूपीसीएल के अधिकारियों को भेजे ज्ञापन में लिखा है कि नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 (नई बस्ती) और वार्ड संख्या 7 (धर्मशाला वार्ड) के दो-दो मार्गों के मध्य खड़े बिजली के खंभे (कुल चार खंबे) आवागमन में बाधा बन रहे हैं।
इससे ई रिक्शा, चार पहिया वाहन आदि के आवागमन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत वितरण विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से उक्त मार्गों पर खड़े बिजली खंभों को जनहित में सड़क किनारे शिफ्ट करने की मांग की है।