लोहाघाट (चंपावत)। ब्लाक ग्राम प्रधान संगठन ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर ग्राम पंचायत विकास निधि को पहले की तरह ग्राम पंचायत के खातों में डालने की मांग की है।
ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष चांद सिंह बोहरा के नेतृत्व में प्रधानों ने एडीएम टीएस मर्तोलिया को ज्ञापन देकर कहा कि पूर्व में ग्राम पंचायतों के खातों में विकास निधि डालने पर विभिन्न विकास कार्य करवाने में प्रधानों को काफी सुविधा होती थी लेकिन सरकार के नए आदेश के अनुसार अब ये निधि ग्राम पंचायत के खातों में न डालकर किसी निजी बैंक के जरिए आएगी जिसे सीधे श्रमिकों और फर्म के खातों में डाला जाएगा।
प्रधानों ने कहा कि पंचायतों का कार्यकाल कुछ ही महीनों का बचा हुआ है। इससे ग्राम पंचायतों के कार्य प्रभावित होने के साथ ग्राम प्रधानों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने पूर्व की भांति ग्राम पंचायत के खातों में विकास निधि को डालने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में सुभाष विश्वकर्मा, सुभाष जोशी, अमिता चौबे, जानकी बिष्ट, पूरन चंद्र, कैलाश राम, कैलाश चंद्र पंत, पूरन पंत, महेश सिंह, सुनीता देवी आदि शामिल थे।