टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले की भीड़ में रोती मिली एक छह वर्षीय बालिका को पुलिस ने उसके परिजनों को खोजकर उनके सुपुर्द किया। बेटी के मिलने पर माता-पिता ने पुलिस की सतर्कता की प्रशंसा करते हुए आभार जताया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बरेली जिले के फतेहगंज निवासी विपिन कुमार अपनी पत्नी और छह साल की बेटी को लेकर मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए था।
शुक्रवार शाम बिजली न होने से बाजार मेला क्षेत्र में अंधकार में भीड़ के बीच उनकी बेटी सिद्धी बिछुड़ गई। वह रोती हुई पुलिस के जवानों को मिली तो उन्होंने उसे फौरन कोतवाली पहुंचाया। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें सिद्धी के माता-पिता की खोज में जुटीं। काफी मशक्कत के बाद माता-पिता को तलाश कर सिद्धी को उनके सुपुर्द किया गया।