चंपावत। पाटी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सिमलखेत और प्राथमिक विद्यालय चिलनियां का एकीकरण नहीं होने से अभिभावकों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में अभिभावकों की ओर से आरटीआई कार्यकर्ता हयात सिंह अधिकारी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
उनका कहना है कि पूर्व में डीएम के निर्देश पर पाटी की एसडीएम की ओर से की गई जांच में भी दोनों स्कूलों का एकीकरण करने की संस्तुति की गई थी। लेकिन कुछ लोग सिमलखेत स्कूल की मरम्मत कार्य के नाम पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक की धनराशि को ठिकाने लगाने का मंसूबा बना रहे हैं। जब समीप में स्थित दोनों स्कूलों का एकीकरण होना है तो दूसरे स्कूल में मरम्मत किए जाने का क्या औचित्य है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति से डेढ़ लाख रुपये वसूलने तथा गलत कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को दंडित किए जाने की मांग उठाई है। जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व में हुई जांच रिपोर्ट को देखने के बाद समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।