लोहाघाट (चंपावत)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट में डाक्टरों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने वेतन की मांग को लेकर सीएचसी में नारेबाजी की। जल्द वेतन का भुगतान न करने पर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की।
सोमवार को सीएचसी परिसर में मार्च, अप्रैल और मई माह का वेतन न मिलने पर डॉक्टरों, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वेतन न मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण पोषण, बैंक लोन की किस्त चुकाने, बच्चों की स्कूल की फीस आदि जमा करने की समस्या पैदा हो गई है।
कहा कि संबंधित विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। विभागीय कर्मचारियों द्वारा आयकर का विवरण, आहरण वितरण समय से जमा न करने के कारण आयकर विभाग ने नोटिस जारी कर दिया जिससे कोषागार से उनके वेतन पर रोक लग गई। कर्मचारियों ने तय किया कि अगर जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो वे 10 से 12 जून तक दो घंटे हस्ताक्षर करने के बाद कार्य बहिष्कार, 13 से 15 जून तक तीन घंटे कार्य बहिष्कार, 17 को पूर्ण कार्य बहिष्कार और 18 जून से आपात सेवाएं ठप करने के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे।
प्रदर्शन करने वालों में डॉ. रविंद्र बोहरा, डॉ. चित्रलेखा, डॉ. एलएम रखोलिया, चीफ फार्मासिस्ट एमके घिल्डियाल, फार्मासिस्ट मुकुल राय, किरन राय, एलडी जोशी, बीएस फिरमाल, सुनीता, प्रेम टम्टा, रंजना, संजय, बबीता, प्रमोद, संदीप वर्मा, दीपेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।