टनकपुर (चंपावत)। पूर्व सांसद प्रतिनिधि नरेश सकारी ने प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर मां पूर्णागिरि धाम का ट्रस्ट बनाने की मांग उठाई है। उन्होंने शहर के रोडवेज बस स्टेशन को भी वर्कशॉप परिसर में शिफ्ट कराने का आग्रह किया है। पत्र में सकारी ने कहा है कि धाम के ट्रस्ट न बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा है कि मां पूर्णागिरि धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु देवी मां के दर्शन को आते हैं। होली के बाद आयोजित होने वाले मेले का स्वरूप भी अब काफी बढ़ गया है लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने चंपावत में पूर्णागिरि धाम का ट्रस्ट बनाने की घोषणा की थी लेकिन आठ साल बाद भी मुख्यमंत्री की घोषणा धरातल पर नहीं उतर पाई है। उन्होंने मुख्य सचिव से इस दिशा में जल्द कार्रवाई का आग्रह किया है।