चंपावत। शिक्षा विभाग के चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ की जिला इकाई की आपात बैठक में जीआईसी टनकपुर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई।
शनिवार को शिक्षा सभागार में कैलाश सिंह मेहता की अध्यक्षता और केश सिंह फर्त्याल के संचालन में हुई बैठक में जीआईसी टनकपुर में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पर संगठन के जिलाध्यक्ष का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया। कहा गया कि कर्मचारियों की ओर से इससे पूर्व भी इस मामले को लेकर आंदोलन किया जा चुका है, लेकिन जिला स्तर पर इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से अब यह प्रकरण महासंघ की प्रदेश इकाई के नेतृत्व में शिक्षा सचिव के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक में महासंघ जिलाध्यक्ष ईश्वरी दत्त गहतोड़ी, नारायण सिंह अधिकारी, महेश नाथ, प्रेम बल्लभ, दीवान सिंह, गोविंद बल्लभ सहित तमाम कर्मचारी शामिल रहे। इस संबंध में टनकपुर जीआईसी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केडी जोशी का कहना है कि उन पर बेवजह उत्पीड़न के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि आरोप लगाने वाला चतुर्थ श्रेणी कर्मी उनके स्कूल में तैनात ही नहीं है।