चंपावत। जिलाधिकारी एसएन पांडेय ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत क्षेत्र के बाहर अवैध खनन पर ड्रोन के माध्यम से नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को जिला कार्यालय में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अवैध खनन की सूचना पर सामग्री को सीज करने के साथ नियमानुसार कठोर कार्रवाई कर जुर्माना वसूलें ।
आपदा के कार्यों की समीक्षा में गुसाई सिंह किरोला ने बताया कि आपदा के तहत 8 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसमें से आपदा के पुनर्निर्माण में 4.93 लाख, खोज एवं बचाव में 48 लाख, समता विकास में 3.7 लाख, अनटाइड फंड में 23.14 लाख के साथ सभी तहसीलों में अलाव के लिए 2 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य देयकों में तेजी लाने तथा विविध देयकों में 1.33 करोड़ के सापेक्ष 61 लाख की वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी माह में बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसते हुए अमीनों को सक्रिय कर शत प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए। मासिक स्टाफ बैठक में उप जिलाधिकारी टनकपुर अनिल गर्ब्याल, लोहाघाट आरसी गौतम, पाटी शिप्रा जोशी, तहसीलदार नीलू चावला, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जीडी पांडेय, डीजीसी राजस्व भाष्कर मुरारी सहित सभी पटल प्रभारी उपस्थित रहे।