चंपावत। जल संस्थान ने पानी का बिल जमा नहीं करने पर 22 आंगनबाड़ी केंद्रों के पेयजल कनेक्शन काटे दिए हैं। इसमें सबसे अधिक पाटी ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों की पानी सप्लाई बंद कर दी गई है।
जल संस्थान ने पानी का बिल जमा करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को कई बार नोटिस भी भेजे। इसके बाद भी बिल जमा न होने पर मजबूरन आंगनबाड़ी केंद्रों में पानी बंद करना पड़ा। जल संस्थान के पास चंपावत ब्लॉक के सात, पाटी के नौ और बाराकोट के छह आंगनबाड़ी के कनेक्शन काटकर पानी सप्लाई बंद कर दी है।
इन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में लगभग 28 लाख रुपये का बकाया है। लगातार पानी के बिलों में बढ़ोतरी होते जा रही थी। केंद्रों में पानी बंद होने के बाद आंगनबाड़ी के छोटे-छोटे बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों के लिए बनने वाले मध्याह्न भोजन को तैयार करने के लिए दूरदराज से पानी ढोना पड़ रहा है। इसके अलावा बच्चों को पीने का पानी घरों से लाना पड़ रहा है।
इन आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद पानी के कनेक्शन
पानी का बिल जमा न होने वाले चंपावत ब्लॉक के सुयालखर्क, चौड़ादुमखुरी, मौराड़ी, सिप्टी, सिमल्टामॉफी, मुड़ियानी, नौलटाक और पाटी ब्लॉक के जनकांडे, पाटी, देवीधुरा, गोशनी पारध्यानी, डूंगराकोट, कमलेख, कानीकोट, गागर, नानखकगौरीखेत तथा बाराकोट ब्लॉक के बैडवाल, रैघांव, दियारतोली, नदेड़ा, बाराकोट, खकौड़ा के आंगनबाड़ी केंद्रों का बिल जमा नहीं हो सका है।
लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों को तीन-चार बार नोटिस भेजने के बाद भी पानी का बिल जमा नहीं किया गया। इसलिए जिले के लगभग 22 आंगनबाड़ी केंद्रों के पानी के कनेक्शन काट दिए गए है।
- आरके वर्मा, एई जल संस्थान, चंपावत।