चंपावत। जिले में बारिश बंद होने के बाद भी बुधवार को ग्रामीण क्षेत्र की दो सड़कें नहीं खुल पाई जिसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग को मंगलवार रात करीब 12:20 बजे सुचारु कर दिया गया।
घाट से लेकर बस्तिया तक पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण दो दिन तक राजमार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। प्रशासन को लोहाघाट देवीधुरा रूट डायवर्ट भी करना पड़ा। मंगलवार को दिनभर अमोड़ी और सूखीढांग के पास सड़क बंद होने से यात्री चंपावत और टनकपुर में ही फंसे रहे। अमोड़ी में रात करीब 10:45 और सूखीढांग के पास करीब 12:20 पर सड़क खुल पाई। इसके चलते रोडवेज बसों को भी चंपावत बस स्टेशन में खड़ा करना पड़ा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की खटोली मल्ली और थुवामौनी सड़क बुधवार को भी बंद ही रही।
रैन बसेरे का लिया सहारा
चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से सिख श्रद्धालुओं को रैन बसेरे में रात गुजारनी पड़ी। प्रशासन ने देर रात तक अमोड़ी और सूखीढांग के पास सड़क नहीं खुलने पर सिख श्रद्धालुओं को चंपावत में ही रुकने की सलाह दी। सड़क खुलने के बाद बुधवार सुबह श्रद्धालु अपने गंतव्य को रवाना हुए।