चंपावत। जल संस्थान का बकाया जमा नहीं करने वाले 27 आंगनबाड़ी केंद्रों को एक बार फिर पानी का बिल जारी किया है। बाल विकास विभाग को बकाया जमा करने के लिए एक माह का समय दिया गया है। अंतिम चेतावनी देते हुए जल संस्थान ने बिल जमा नहीं होने पर वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) काटकर वसूलने का निर्णय लिया है।
जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच साल पहले जल संस्थान ने पानी के कनेक्शन दिए थे। लेकिन बाल विकास विभाग ने बिल जमा नहीं कराए थे। वर्तमान में विभाग पर 17.80 लाख रुपये बकाया है।
बिल वसूलने के लिए विभाग ने बाल विकास को दोबारा से बिल भेज दिए है। साथ ही एक माह के भीतर बिल जमा नहीं होने पर आरसी के जरिए बिल वसूलेगा। चंपावत ब्लॉक में 8, पाटी में 10 और बारकोट में 9 आंगनबाड़ी केंद्रों को बिल पांच वर्षों से जमा नहीं हुआ है। इधर बाल विकास विभाग का कहना है कि बिल भुगतान के लिए बजट की मांग की गई है।
जिले के 27 आंगनबाड़ी केंद्रों को पानी के बिल जमा करने लिए बाल विकास को दोबारा बिल भेजा गया है। निर्धारित समय में बिल जमा नहीं करने पर आरसी काटकर बिल वसूला जाएगा।
अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान, चंपावत।