चंपावत। चंपावत जिला अस्पताल को सर्जन मिल गए हैं। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने बताया कि उत्तरकाशी जिले के भट्वाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सर्जन डॉ.अमित कुमार देवल ने जिला अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जिला अस्पताल के सर्जन डॉ.आरपी खंडूरी को एक जुलाई से मुख्य चिकित्साधिकारी का दायित्व दिए जाने से यह पद रिक्त चल रहा था।
एक डॉक्टर की ज्वाइनिंग के बाद भी जिला अस्पताल की स्थिति में अभी खास सुधार नहीं हो सका है। पिछले महीने चंपावत जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.संगीता त्रिपाठी का रुद्रपुर जिला अस्पताल स्थानांतरण हो गया, लेकिन उनके स्थान पर यहां भेजी गई जिला अस्पताल नैनीताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.मंजू रावत रावत ने यहां ज्वाइन नहीं किया।
इसी तरह गदरपुर के निश्चेतक डॉ.वैंकटेश द्विवेदी और उच्च न्यायालय की डिस्पेंसरी में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.विवेक सिंह ने भी एक माह बीतने के बावजूद जिला अस्पताल में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। सीएमएस डॉ.आरके जोशी का कहना है कि वस्तुस्थिति की उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई है। वहीं, जिला अस्पताल में इस वक्त 26 में से पैथोलाजिस्ट, रेडियोलोजिस्ट, नेत्र सर्जन, सर्जन और अस्थिरोग विशेषज्ञ सहित कुल 13 डॉक्टर ही हैं।