चंपावत। शिक्षा मित्र क्रांतिकारी महासंघ की जिला इकाई ने शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्ति और यूटीईटी में अधिमान अंक दिए जाने की मांग उठाई है। महासंघ ने 10 जून तक मांग पूरी न होने पर 11 जून से शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन, सचिवालय घेराव और मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी है।
कहा गया है कि शिक्षा मित्रों के साथ लगातार शासन की चूक के कारण सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। इग्रू के माध्यम से डीएलएड प्रशिक्षण किए जाने के बाद शिक्षा मित्रों को उम्मीद थी कि जिस प्रकार पूर्व में प्रशिक्षण पूर्ण होते ही सहायक अध्यापक औपबंधिक में नियुक्ति दी गई, उसी प्रकार अन्य शिक्षा मित्रों को भी दी जाएगी। लेकिन एक वर्ष पूर्ण होने पर भी समान योग्यता रखने वाले शिक्षा मित्रों के साथ दोहरा व्यवहार किया जा रहा है। महासंघ ने निर्णय लिया है कि दस जून तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो 11 जून से शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन, सचिवालय, सीएम और शिक्षा मंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में महासंघ जिलाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, विद्याधर जोशी, विमला खर्कवाल, प्रकाश जोशी, केशव जोशी, दिनेश धामी, भुवन जोशी आदि शिक्षा मित्र शामिल हैं।