रीठा साहिब (चंपावत)। प्रमुख सिख धर्मस्थल रीठा साहिब के पांच कि मी दायरे में तंबाकू की बिक्री पर रोक के आदेश का कोई पालन नहीं हो रहा है। प्रतिबंध के बावजूद तंबाकू, सिगरेट और इससे संबंधित उत्पाद यहां काफी दुकानों में बेरोकटोक बिक रहे हैं।
प्रदेश शासन ने तीन सिख धर्मस्थलों गुरुद्वारा नानकमत्ता, हेमकुंड साहिब के साथ ही रीठा साहिब गुरुद्वारे के में पांच किमी के दायरे में तंबाकू से जुड़े उत्पादों की बिक्री, उपभोग पर नौ मई 2017 को रोक लगाने का आदेश जारी किया था। जिला प्रशासन ने पिछले साल 23 मई को इस संबंध में बाकायदा आदेश भी जारी किया था। मगर इस आदेश का जमीनी स्तर पर अनुपालन नहीं हो पा रहा है। इन उत्पादों की बिक्री पहले की तरह ही चल रही है।
चंपावत से 75 किमी दूर लधिया और रतिया नदी के संगम पर स्थित रीठा साहिब के गुरुद्वारा में 29 मई को तीन दिनी जोड़ मेला संपन्न हुआ। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक के चमत्कार के लिए विख्यात इस गुरुद्वारे वाले रीठा साहिब के पांच किमी दायरे में परेवा, साल, टांण सहित करीब 18 गांव आते हैं। लोगों का कहना है कि यहां अधिकांश दुकानों में तंबाकू के उत्पाद बेचे जा रहे हैं।
आदेश का अनुपालन कराने के लिए पाटी के तहसीलदार और रीठा साहिब के थानेदार को निर्देश दिए गए थे। प्रतिबंध के बावजूद अगर तंबाकू से संबंधित उत्पादों की बिक्री होती पाई गई, तो कार्रवाई की जाएगी।
- निर्मला बिष्ट, उप जिला मजिस्ट्रेट, पाटी।