टनकपुर। पिछले दिनों अंधड़ और बारिश से क्षेत्र में भी गेहूं और फलों की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है, लेकिन प्रशासन के पास अब तक नुकसान का कोई आंकड़ा नहीं है। अलबत्ता कृषि एवं राजस्व विभाग को संयुक्त सर्वे कराने की बात कही जा रही है। प्रशासन की इस नजरअंदाजी के बीच प्रभावित किसान खेतों में पड़ी खराब फसल को बटोरने को विवश हैं। आमबाग गांव में महेंद्र पाल ने जमीन बटाई में लेकर गेहूं बोया था। बारिश से उसकी करीब 15 बीघा गेहूं की कटी फसल भीगकर खराब हो चुकी है। इसी तरह जगदीश रौतेला की 12 बीघा, हयात चंद की 5 बीघा एवं बटाईदार कन्हैया लाल की करीब 10 बीघा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों की आम एवं लीची की फसल को भी खासा नुकसान पहुंचा है। तहसीलदार पूनम पंत का कहना है कि एसडीएम के निर्देश पर कृषि एवं राजस्व विभाग को संयुक्त सर्वे कर फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट देने को कहा गया है।