फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तो जल्द शुरू होगा चंपावत का सहकारी बैंक!

विज्ञापन
विज्ञापन
चंपावत। चंपावत में दो दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद जिला सहकारी बैंक नहीं बन सका है। सहकारी बैंक की शाखाओं का नियंत्रण अभी भी पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के पास है, मगर अब यह तस्वीर बदलने वाली है। चंपावत जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए यहां मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) की तैनाती की गई है।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक राम अवधेश ने बताया कि उप महाप्रबंधक मनोहर सिंह भंडारी को यहां की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। नवागत सीईओ चंपावत जिला सहकारी बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लाइसेंस दिलाने के लिए सभी प्रक्रियाओं को पूरा करेंगे। नाबार्ड की संस्तुति के बाद आरबीआई चंपावत बैंक को लाइसेंस जारी करेगा। कहा कि सब ठीक रहा तो यह प्रक्रिया छह माह में पूरी कर ली जाएगी।

वर्तमान में चंपावत जिले में स्थित जिला सहकारी बैंक की आठ शाखाओं की निगरानी, नियंत्रण का काम पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के जिम्मे हैं। जीएम राम अवधेश ने बताया कि चंपावत का अलग बैंक बनने के बाद पिथौरागढ़ की 26 शाखाएं घटकर 18 रह जाएंगी। जिला सहकारी बैंक का जुड़ाव मुख्य रूप से किसानों और ग्रामीणों से है। जाहिर है इसका सबसे ज्यादा लाभ भी किसानों को होगा। चंपावत साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष विकास साह ने कहा कि जिले में नई शाखाओं के बढ़ने के साथ वित्तीय कारोबार और ऋण-जमा अनुपात में भी बढ़ोत्तरी आएगी।
विज्ञापन


लोहाघाट में खुलेगा पहला महिला बैंक
जिला सहकारी बैंक का जल्द ही पहला महिला बैंक अस्तित्व में आ जाएगा। पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के महाप्रबंधक राम अवध ने बताया कि चंपावत जिले में लोहाघाट में महिला बैंक प्रस्तावित किया गया है। नए वित्त वर्ष से इसे शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा जिले में दो नई शाखाएं तल्लादेश के मंच और लधिया घाटी के भिंगराड़ा में खोली जाएगी। इसी के साथ चंपावत जिले में सहकारी बैंक शाखाओं की संख्या 8 से बढ़कर 11 हो जाएगी।

जिले में डीसीबी की 175.80 करोड़ की जमा पूंजी
चंपावत जिले में बैंकों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। सात साल में राष्ट्रीयकृत बैंक दुगने से अधिक हो गए हैं। जिले में 18 बैंकों की 60 शाखाएं हैं, जबकि दस वर्ष पूर्व तक बैंकों की मात्र 21 शाखाएं थीं। लीड बैंक प्रबंधक आनंद सिंह रावत ने बताया कि जिले के सभी 60 बैंकों की जमा पूंजी 1819.09 करोड़ रुपये है, जिसमें पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की चंपावत जिले में स्थित आठ शाखाओं का हिस्सा 175.80 करोड़ रुपये है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें