टनकपुर (चंपावत)।
बाजार में अतिक्रमण की समस्या दूर करने समेत पांच मांगों को लेकर शुक्रवार को न्यू टैक्सी स्टैंड कॉलोनी के लोगों ने तहसील में प्रदर्शन किया। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने मांगों पर शीघ्र अमल करने की मांग की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों पर समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है।
भाजपा कार्यकर्ता नारायण सिंह गैंडा के नेतृत्व में कॉलोनी के लोग शुक्रवार की सुबह तहसील कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारी पीसी त्रिपाठी को एसडीएम के नाम सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि राशन कार्ड बनाने के अनियमितता बरती जा रही है, जिस कारण पात्रों के राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। उन्होंने निर्धारित मानकों के तहत राशन कार्ड जारी करने की मांग की।
कहा कि बिजली, पानी की समस्या पर विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनकी कॉलोनी में कई दिनों तक जलापूर्ति ठप रही है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो पाई है। उन्होंने बाजार की सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के साथ ही शारदा स्नानघाट को स्वच्छ बनाने एवं उज्ज्वला गैस योजना का लाभ हर जरूरतमंद को देने की मांग उठाई। प्रदर्शन करने वालों में बसंती देवी, मुन्नी देवी, शकुंतला देवी, आनंदी देवी, गंगा देवी, रेखा देवी, ममता देवी आदि शामिल थीं।