लोहाघाट (चंपावत)। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसायटी ने नवंबर माह से राशन की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के खातों में डालने के सरकार के निर्णय की निंदा की। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी के साथ वार्ता कर उग्र आंदोलन करने का निर्णय लिया।
प्रकाश बोहरा को सोसायटी का जिला उपाध्यक्ष चुना गया। सोमवार को सोसायटी की मासिक बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सस्ता गल्ला विक्रेताओं के आंदोलन को देखते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा देकर उनका आंदोलन समाप्त करवा दिया था, लेकिन सरकार ने पुन: सब्सिडी की राशि उपभोक्ताओं के खातों में डालने का फरमान जारी कर उनके साथ छलावा किया है। उन्होंने सरकार के इस फरमान को जनविरोधी बताया।
उन्होंने एक स्वर में आगामी रणनीति के लिए प्रदेश कार्यकारिणी के साथ विचार विमर्श कर आंदोलन शुरू करने के लिए तैयार रहने को कहा। इस दौरान प्रकाश बोहरा की सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिला उपाध्यक्ष चुना गया। वहां विक्रम सिंह ढेक, सलीम जावेद, मोहन सिंह, मान सिंह, महासिंह, हरीश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।