टनकपुर (चंपावत)। सीमा पार से तस्करी व संदिग्धों की धरपकड़ को एसएसबी पंचम वाहिनी की सी कंपनी एवं वन विभाग की टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त कांबिंग शुरू कर दी है। कांबिंग के पहले दिन टीम को कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।
दशहरा व दीपावली पर्व के मद्देनजर सीमा पर तैनात सुरक्षा तंत्र भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। सीमा के आर-पार होने वाली तस्करी, गैर कानूनी कार्यों को रोकने के साथ ही संदिग्धों की धरपकड़ को लेकर शनिवार से ठुलीगाड़ में तैनात एसएसबी की पंचम वाहनी की सी कंपनी एवं बूम रेंज के वन कर्मियों की ओर से शनिवार से संयुक्त कांबिंग की जा रही है। इसके अंतर्गत उप निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में एसएसबी जवानों व वन कर्मियों ने बाटनागाड़ व श्रीकुंड से लगे सीमा क्षेत्र के जंगल में सघन कांबिंग की।
एसएसबी के कमांडेंट आलोक कुमार ने बताया कि फिलहाल सीमा पर कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व तक सीमा पर नियमित रूप से कांबिंग जारी रखी जाएगी। कांबिंग दल में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक मातवर सिंह व सुरेश राम, कांस्टेबल विनोद यादव, वन रक्षक भरत सिंह आदि जवान शामिल थे।