लोहाघाट (चंपावत)। गोर्खानगर के दस दिवसीय मां दुर्गा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमोद भट्ट ने किया।
नगर पंचायत सदस्य रमा गोर्खा की अध्यक्षता व विपिन गोर्खा के संचालन में हुए महोत्सव में गोर्खानगर के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने छम-छम-छम नेपाली गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। उन्होंने कुमाऊंनी गीत रूमाली का गांठ रियूड़ी लखनऊ की लायूं तेरा नों की नीमा छोरी रे गीत पर दर्शक अपने स्थानों में झूमने को मजबूर हो गए। कलाकारों ने हिंदी गीत चिटियां कलाइयां वे के अलावा, पंजाबी, नेपाली, कुमाऊंनी गीतों की झड़ी लगा दी।
देर रात तक चले कार्यक्रमों में डब्बू एंड टीम ने नशे से दूर रहने के लिए नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम के अंत में अंताक्षरी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें जनता और आयोजन मंडल ने एक से एक गीत गाकर खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर संरक्षक शेखर गोर्खा, करना थापा, कैलाश गोर्खा, शरद गोर्खा, संप्रीत हमाल, आकाश गोर्खा आदि मौजूद रहे।