टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मार्ग के थ्वालखेड़ा गांव में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने फिर किसानों की धान की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। परेशान किसानों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द हाथियों के उत्पात से छुटकारा दिलाने की मांग की है। पूर्णागिरि मार्ग समेत जंगल से लगे गांवों में आए दिन हाथियों का झुंड उत्पात मचाकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहा है। ग्रामीणों के कई बार आग्रह के बावजूद वन विभाग द्वारा कोई सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। थ्वालखेड़ा के ग्राम प्रधान सतीश पांडेय ने बताया कि हाथियों के झुंड ने प्रकाश नेगी, पूरन नेगी, कमला नेगी, केशव दत्त, गिरीश राय, तारा दत्त, लक्ष्मी दत्त, प्रकाश चंद्र, दयाकिशन समेत एक दर्जन किसानों की करीब पंद्रह बीघा धान की फसल नष्ट की है। बता दें कि इससे पहले भी हाथियों का झुंड ग्रामीणों की कई बीघा धान की फसल तबाह कर चुका है।