चंपावत। जिला मुख्यालय के कलक्ट्रेट परिसर में लगा एसबीआई का एटीएम बीते चार दिनों से खराब है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक प्रशासन की ओर से मामले में सुधार की पहल न किए जाने से हर रोज तमाम सरकारी कर्मियों और एटीएम कार्ड धारकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पांच साल पूर्व तत्कालीन डीएम श्रीधर बाबू अद्दांकी की पहल पर कलक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस, जिला जजी, शिक्षा और कोषागार कर्मियों व स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए एटीएम की स्थापना एसबीआई ने की थी।
इससे कार्यालय समय के अलावा अन्य समय कर्मियों को धन निकासी में काफी सहूलियत हो रही है। बीते चार दिन से एटीएम खराब होने के कारण लोगों को बाजार का रुख करना पड़ रहा है।
एटीएम की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी अजय ने बताया कि एटीएम खराब हुए चार दिन हो गए हैं। इसकी जानकारी स्टेट बैंक के अधिकारियों को दी गई है। एसबीआई के शाखा प्रबंधक एनआर जौहरी ने बताया कि सर्वर में आई खराबी को दूर कर जल्द एटीएम सुचारू किया जाएगा।