लोहाघाट (चंपावत)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की पहल पर खेतीखान के परध्यानी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का छह दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में वर्मी कंपोस्ट बनाने की विधि, पशुचारा और डेयरी संबंधित विषयों में हुए मूल्यांकन में मीना भट्ट प्रथम, पूजा जोशी द्वितीय और प्रतिभा वर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। बायफ संस्था की ओर से दिए गए प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूहों की 22 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
समापन पर आजीविका स्वायत्त समूह समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र ओली ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। आरसेटी के निदेशक जनार्दन चिलकोटी ने प्रशिक्षणार्थियों को समूहों की कैश क्रेडिट लिमिट का लाभ लेकर डेयरी, सब्जी और नकदी फसलों का उत्पादन कर आजीविका के संसाधनों को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रेरणात्मक वीडियो और खेलों के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। वहां आरसेटी के प्रकाश जोशी, बायफ के प्रोजेक्ट ऑफीसर परमहंस प्रसाद, प्रतिभा वर्मा और ग्रामीण मौजूद रहे।