लोहाघाट (चंपावत)। राजकीय पीजी कॉलेज की मेधावी छात्रा पाटन-पाटनी निवासी कुसुम पांडेय ने एमए अंतिम वर्ष की परीक्षा में संस्कृत विषय में कुमाऊं विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। कुसुम के कुमाऊं विश्वविद्यालय टॉप करने पर ग्रामीणों, महाविद्यालय परिवार और जनपदवासियों ने खुशी जताई है।
लोहाघाट के पाटन-पाटनी निवासी पंडित केशव दत्त पांडेय और मुन्नी पांडेय की बेटी कुसुम ने एमए अंतिम वर्ष की संस्कृत परीक्षा में 77.43 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। कुसुम ने 1600 में से 1239 अंक प्राप्त कर क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। कुसुम वर्तमान में पीजी कॉलेज लोहाघाट से बीएड कर रहीं हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की मौजूदगी में कुसुम को वाइस चांसलर अवार्ड और पद्मश्री सुखदेव पांडेय स्मारक अवार्ड के दो स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। कुसुम ने अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता, ताऊ पत्रकार बाबा आदित्यदास उर्फ ललित प्रसाद पांडेय को दिया है।