टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्रों के निजी स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का दस दिनी ब्रिज कोर्स शुरू हो गया है। स्टडी सेंटर 75 किमी दूर जिला मुख्यालय चंपावत में होने से कोर्स के पहले दिन शिक्षक-शिक्षिकाओं को जिला मुख्यालय आने-जाने समेत कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ी। उन्होंने एक बार फिर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक सत्यनारायण से मुलाकात कर कोर्स का स्टडी सेंटर टनकपुर में बनाने की मांग की है।
निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को बीस दिन का ब्रिज कोर्स करना है। अवकाश के दिनों में होने वाले इस कोर्स के लिए विभाग ने स्टडी सेंटर चंपावत में बनाया है। इससे मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा के शिक्षक-शिक्षिकाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। चंपावत स्टडी सेंटर में पहले दिन का कोर्स कर लौटी शिक्षिका प्रियंका शर्मा, प्रियंका पंत, रजनी देवी, चंद्रा ज्याल, इंद्रा देवी, प्रीति अग्रवाल, अर्चना यादव आदि ने बताया कि चंपावत जाकर कोर्स करने में उन्हें आगे भी निजी एवं घरेलू परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर टनकपुर में स्टडी सेंटर खोलने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई अमल नहीं हुआ।
उधर, बनबसा क्षेत्र के बीएड प्रशिक्षितों ने विधायक कैलाश गहतोड़ी को संबोधित ज्ञापन उनके प्रतिनिधि महेश मुरारी को सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने ब्रिज कोर्स का संचालन बनबसा या टनकपुर में करने की मांग की। कहा कि बनबसा और टनकपुर के पंजीकृत बीएड प्रशिक्षितों के लिए चंपावत जाना संभव नहीं है। इस दौरान बनबसा संजय स्मृति बाल विद्यामंदिर, एबीसी अल्मामैटर टनकपुर, सेंट फ्रांसिस टनकपुर, मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल बनबसा के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।