टनकपुर (चंपावत)। पालिका के पर्यावरण मित्रों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने वेतन, पेंशन और लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सेवानिवृत्त कर्मियों ने सोमवार से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। इधर, कर्मियों से वार्ता में ईओ जयवीर सिंह राठी ने बजट की व्यवस्था कर जल्द भुगतान का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को पर्यावरण मित्रों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों ने बैठक कर कहा कि पिछली बार आंदोलन करने पर उन्हें आश्वस्त किया गया था कि हर माह की सात तारीख तक वेतन एवं पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन उन्हें अब तक वेतन एवं पेंशन का भुगतान नहीं मिल पाया है।
ईओ ने बैठक स्थल पर पहुंच कर पर्यावरण मित्रों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि वेतन एवं पेंशन के भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही बजट की व्यवस्था कर भुगतान किया जाएगा। पर्यावरण मित्रों ने आउटसोर्स कर्मियों की नियुक्ति का मामला भी उठाया। वार्ता में राकेश वाल्मीकि, राकेश कुमार, कमलेश वाल्मीकि, मधुसूदन, विशाल बाबू, सुनील कुमार, प्रमोद प्रकाश आदि थे।